Severe Cold in Indore : चौथे दिन इंदौर कांपा, अभी ठंड और बढ़ेगी!

लगातार दस दिन से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहा

389

Severe Cold in Indore : चौथे दिन इंदौर कांपा, अभी ठंड और बढ़ेगी!

Indore : बर्फीली हवा के कारण लगातार चौथे दिन इंदौर के लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ। उत्तरी व उत्तर पूर्वी हवा ने रविवार के बाद सोमवार को भी पारा गिराया। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.8 डिग्री रहा। ऐसे में आज लगातार दूसरे दिन शहर में शीतल दिन रहने की संभावना है।
रविवार को इस सीजन में दूसरी बार शीतल दिन की स्थिति रही। रविवार को इंदौर में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके पूर्व 4 जनवरी को शहर में शीतल दिन की स्थिति बनी थी। इंदौर में पिछले 24 घंटे में उत्तरी व उत्तर पूर्वी हवा अधिकतम 16 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह धुंध का असर रहा और न्यूनतम दृश्यता 2500 मीटर तक पहुंची।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, सोमवार की रात भी ठंडी रहने की संभावना है । शहर में अलसुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं, दिन में निकली धूप के कारण सर्दी से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन शाम होते ही ठिठुरन शुरू हो जाती है। ऐसा मौसम कुछ दिन और रहेगा।

WhatsApp Image 2023 01 16 at 5.59.10 PM

गिरेगा न्यूनतम तापमान
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, इंदौर में 18 जनवरी तक दिन व रात के तापमान में गिरावट इसी तरह बरकरार रहेगी। अभी हवा की ऊपरी सतह में छह किलोमीटर ऊंचाई पर चल रही जेट स्ट्रीम जो कि औसत 80 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलती है, सामान्य से तेज गति से चल रही है। इस वजह से पहले जहां पश्चिमी विक्षोभ आने में देरी हो रही थी। वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ भी लगातार आ रहे हैं। 18 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ आएगा और उसके बाद 20 जनवरी को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इस वजह से अब न्यूनतम तापमान में अगले एक सप्ताह तक गिरावट बरकरार रहेगी।

WhatsApp Image 2023 01 16 at 5.59.09 PM

सात दिन कम रहा तापमान
इंदौर में 2 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से काम रहा। 2 जनवरी को 9.4 डिग्री, 3 जनवरी को 9.1 डिग्री, 4 जनवरी को 7.3 डिग्री, 5 जनवरी को 8.4 डिग्री, 9 जनवरी को 8.8 डिग्री, 10 जनवरी को 9.0 डिग्री, 15 जनवरी को 8.2 डिग्री तापमान रहा।

शीतल दिन और शीतलहर
जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम और अधिकतम तापमान में सामान्य से 4.5 से 6 डिग्री की गिरावट हो तो उस स्थिति को कोल्ड डे (शीतल दिन) कहते हैं। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो और अधिकतम तापमान में सामान्य 6.5 डिग्री या उससे अधिक की गिरावट हो तो उस स्थिति में अति शीतल दिन कहते हैं। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री की गिरावट हो तो उस समय शीतलहर की स्थिति कहलाती है। अति शीतलहर उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापामान 10 डिग्री से कम और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक गिरावट हो, तो उस समय अति शीतलहर की स्थिति कहलाती है।