Totka at Mayor’s House : स्कूटर सीख रही महिला को सुस्ताना महंगा पड़ा, महापौर को टोटके का शक हुआ!

महापौर ने पुलिस में टोना-टोटका करने की शिकायत की, अब सब चुप!  

1850

Totka at Mayor’s House : स्कूटर सीख रही महिला को सुस्ताना महंगा पड़ा, महापौर को टोटके का शक हुआ!

Dewas : एक्टिवा चलाना सीख रही एक बोहरा समाज की एक महिला गलती से महापौर के घर के बाहर रात को सुस्ताने क्या बैठ गई, वो मुसीबत में आ गई। इसे देवास की प्रथम नागरिक का घोर अंधविश्वास जाना चाहिए कि महापौर ने इसे टोना टोटका समझा और घबराकर पुलिस को शिकायत कर दी। बाद में समझाइश के बाद वे मानी और मामले में रिपोर्ट नहीं हुई। अब महापौर गीता अग्रवाल, महापौर पति दुर्गेश अग्रवाल व पीड़िता भी बयान देने से बच रही है। पुलिस भी इस मामले में कुछ बोलने से बच रही है।

देवास की महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने अपने बेटे मुकुल अग्रवाल के माध्यम से पुलिस को शिकायत की, कि एक महिला उसके घर के आसपास घूम रही है। शायद वह उनके यहां टोना-टोटका कर रही है, इस वजह से उनके पति बीमार हो रहे हैं। इस मामले को जब पुलिस और अन्य लोगों ने समझा तो उन्हें लगा कि कहीं न कहीं ग़लतफ़हमी हो रही है। उनके समझाने के बाद जाकर मामला शांत हुआ।

बोहरा समाज की एक महिला पिछले कुछ दिनों से अपने पति के साथ दो पहिया वाहन चलाना सीख रही थी। स्टेशन रोड स्थित शिवम स्टेट कॉलोनी में सुरक्षित रोड होने की वजह से उसने वहां एक्टिवा चलाना सीखना शुरू किया। महिला के पति पास ही रहने वाली बहन के घर शिवोम स्टेट चले गए थे। स्कूटर सीखने के दौरान महिला महापौर निवास के सामने से कई बार निकली। एक बार वहां रुककर उसने बुरका भी ठीक किया।

बताया जा रहा है कि महापौर गीता अग्रवाल ने CCTV में कई बार इस महिला को निकलते देखा, तो उन्हें अंधविश्वास के कारण टोने-टोटके की आशंका हुई। इसी दौरान उनके पति दुर्गेश अग्रवाल बीमार भी हो गए थे। महापौर ने तुरंत अपने बेटे मुकुल अग्रवाल को कोतवाली थाने भेज दिया और शिकायत दर्ज करवा दी। 4 दिन की जांच के बाद पुलिस ने महापौर के घर के सामने घूम रही महिला व उसके पति को थाने पर बुलाया और पूछताछ की। बताया गया कि पुलिस और अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से महापौर के परिवार को समझाया कि इस तरह का टोना-टोटका नहीं होता है। महिला वहां स्कूटर सीखने आई थी। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ।

इस घटना से महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल और उसके परिजन घबरा गए थे। क्योंकि, जिस रात महिला दो पहिया वाहन चलाकर थक गई और कुछ देर के लिए पैदल महापौर निवास के बाहर घूम रही थी, तब रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे का समय हो रहा था। उसके बाद महापौर पति की तबियत भी बिगड़ गई। इसके बाद महापौर के बेटे मुकुल अग्रवाल ने कोतवाली में आवेदन देकर शिकायत की और मामले ने तूल पकड़ लिया।

IMG 20220925 142949

महिला व उसके पति ने पुलिस को बताया कि वो अपनी बहन के यहां गए हुए थे। एक्टिवा सीख रही बोहरा महिला को पता नहीं था कि यह महापौर का घर है। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया सहित शहर में चर्चा है कि महापौर परिवार किस तरह की घोर अंधविश्वास की बात कर रहा है।