Train Seats Full : पांच ट्रेनों में 30 अक्टूबर तक वेटिंग, सभी श्रेणी की सीटें फुल

अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ उनके फेरे बढ़ने संभावना 

431

Train Seats Full : पांच ट्रेनों में 30 अक्टूबर तक वेटिंग, सभी श्रेणी की सीटें फुल

Indore : रतलाम रेलवे मंडल द्वारा शहर से चलाई जाने वाली पांच प्रमुख ट्रेनों में लगातार बुकिंग हो रही है। कई ट्रेनों की सभी श्रेणी की सीटें फुल हो गई। वेटिंग लिस्ट भी बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए रेलवे अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ उनके फेरे भी बढ़ा सकता है। हालांकि, अभी इस पर निर्णय नहीं हो पाया है।

जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए छोटी व लंबी दूरी की ट्रेनों में खचाखच भीड़ उमड़ रही है। कई यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने पर मजबूर हैं। अधिकांश यात्री बिहार, उत्तर प्रदेश व गुजरात की तरफ जा रहे हैं। आज 18 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक ट्रेनें बुक हो चुकी है।

यह है ट्रेनों की स्थिति

– अवंतिका एक्सप्रेस(इंदौर से मुंबई) 18 से 30 तक चलेगी। इसमें 18 से 20 तक आरएसी, 21 से 30 तक स्लीपर कोच में 150 वेटिंग, थर्ड एसी में 100 वेटिंग है।

– इंटरसिटी(इंदौर से दिल्ली) 18 से 30 तक सभी श्रेणी(फर्स्ट और सेकंड) की सीटें फुल, थर्ड एसी में 50, स्लीपर कोच में 150 की वेटिंग चल रही है।

– इंदौर-पटना ट्रेन में 18 से 30 तक सभी श्रेणी की सीटें फुल है।

– मालवा एक्सप्रेस में 18 से 30 तक फर्स्ट और सेकंड फुल, थर्ड एसी में 50 प्लस तथा स्लीपर कोच में 100 से अधिक वेटिंग है।

– शिप्रा एक्सप्रेस(इंदौर हावड़ा) ट्रेन में 18 से 30 तक फर्स्ट और सेकंड फुल, थर्ड एसी में 50 प्लस तथा स्लीपर कोच में 100 से अधिक वेटिंग है।

दीपावली बाद भी यही स्थिति

दीपावली के पहले जिस तरह ट्रेनों के वेटिंग और बुकिंग की स्थिति है, उसी तरह इसके बाद भी रहने वाली है। वजह, दीपावली पर्व मनाकर यात्री वापस लौटेंगे। इसमें बिहार के यात्री शामिल नहीं हैं। ये यात्री बिहार में आस्था के पर्व छठ पर्व मनाकर लौटेंगे। इंदौर में भी उत्तर भारतीय लोग इस पर्व को उत्साह से मनाते हैं।

प्लेटफार्मों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

आज से इंदौर स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था रहेगी। हर यात्री के सामानों की जांच की जाएगी। प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर कार्रवाई भी होगी। रेलवे पुलिस ने सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था की है।