

Urjasvita Honour: भोपाल में अमेरिका की सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉक्टर पल्लवी तिवारी सहित 26 महिला विभूतियां सम्मानित
भोपाल। Urjasvita Honour: महिला सशक्तिकरण को लेकर काम कर रही अनुनय संस्था द्वारा भोपाल में गत दिनों आयोजित एक समारोह में अमेरिका की सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉक्टर पल्लवी तिवारी सहित 26 महिला विभूतियों को ऊर्जस्विता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पल्लवी की अनुपस्थिति में यह पुरस्कार उनके माता-पिता ने ग्रहण किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया थी। मंत्री भूरिया ने इन विभूतियों को सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। आईएचएम के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन, पीठाधीश स्वामी मनेश्वरानंद और छत्तीसगढ़ के पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) सुधीर अग्रवाल और विभांशु जोशी इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस अवसर पर बालाघाट में सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए मार्गी वॉट्स कार्टर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
संस्था की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि अनुनय संस्था पिछले 14 वर्षों से गरीब एवं वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। खासकर ऐसे बच्चों के लिए जो पन्नी बीनते हैं या भीख मांगते हैं। अब तक संस्था के सेतु सेंटरों के जरिये करीब एक हजार बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा संस्था ने शाजापुर जिले में एक स्कूल के डिजिटलीकरण में भी अहम योगदान दिया है।
संस्था के सचिव पूर्व IFS अधिकारी डॉ. भट्टाचार्य ने बताया कि ऊर्जस्विता सम्मान के जरिये हमारी कोशिश समाज को दिशा देने वाली उन महिला विभूतियों का सम्मान करना है, जो अपने-अपने क्षेत्र की दिग्गज हैं और देश-दुनिया में अपना नाम कमा रही हैं।
*इन विभूतियों का किया गया सम्मान*
डॉ अनामिका जैन- उच्च शिक्षा ( इंदौर), डॉ पल्लवी तिवारी- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (यूएस), संप्रिया पूजा- लोकनृत्य एवं गायन, (छत्तीसगढ़), डॉ वंदना अग्रवाल -स्कूल शिक्षा ( छत्तीसगढ़), ओरियल प्रिज़मैन – संरक्षण (यूके), डॉ आरती सिन्हा- साउंड हीलर एवम वेलनेस कोच, चंद्रकला परस्ते- जनजातीय संस्कृति (डिंडोरी), प्रभाकर खलको- प्रशासन (छत्तीसगढ़), मेघा मुक्तिबोध- शिक्षा, मनीषा आनंद- मिसेज़ इंडिया, शोमिता भट्टाचार्य- पर्यावरण, (इंदौर), रोली शर्मा, विपणन पेशेवर (नई दिल्ली), आशा पठानिया- सत्कार उद्योग (हरियाणा), दिव्या अत्रि- समाज सेवा, भूमिका कलम- ज्योतिष (इंदौर), अंजु तड़ियाल – कौशल विकास, दक्षा वैदकर- प्रिंट मीडिया, हुमेरा ख़ान – सामाजिक उद्यमी, श्रुति सिंह – राजनीति, विशाखा कवठेकर- आर्किटेक्ट, अर्पणा चेंडके- उद्यमी (इंदौर), दीक्षा पाटकर भदौरिया – नवाचार, आराधना मालवी – आदिम कल्याण एवं खेलकूद (बैतूल), मीरा – इंफ्लुएंसर (चीन), पूर्वा त्रिवेदी- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया।
*कौन हैं डॉ. पल्लवी तिवारी-*
डॉ. पल्लवी तिवारी सटीक चिकित्सा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में एक अग्रणी शोधकर्ता हैं। वे अमेरिका में विश्वविद्यालय में एक प्रतिष्ठित प्रोफेसर के रूप में कार्य करती हैं। डॉ. तिवारी को कई अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, जिसमें विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए भारत सरकार द्वारा 100 वूमन एचीवर के रूप में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुकर्जी द्वारा सम्मानित हुई हैं । पल्लवी अमरीका में पिछले साल नेशनल एकेडमी ऑफ इन्वेस्टर्स द्वारा दुनिया की 95 अग्रणी साइंटिस्ट के रूप में शामिल की गई है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली पल्लवी मध्य प्रदेश की पहली महिला है। उनके काम को फोर्ब्स, अथॉरिटी पत्रिका, क्रेन्स क्लीवलैंड, एनएसएफ साइंस नाउ और साइंस डेली सहित विभिन्न समाचार आउटलेट्स द्वारा कवर किया गया है। डॉ. तिवारी ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर 50 से अधिक व्याख्यान दिए हैं। पल्लवी मध्य प्रदेश की मूल निवासी होकर अमेरिका में कैंसर रिसर्च के क्षेत्र में अग्रणी साइंटिस्ट के रूप में स्थापित हैं। पल्लवी कैंसर निदान में ऐसी तकनीक का निर्माण करने के लिए जानी जाती है जो समाज के कल्याण पर वास्तविक प्रभाव लाए हैं।