
दुकान से सामान लेने के बहाने बातों में उलझाया, फिर महिला व्यवसायी से चेन छीनकर भागा युवक
बाइक सवार दो बदमाश दुकान पर पहुंचे. एक आरोपी दुकान में घुसा, दूसरा बाइक पर इंतजार करता रहा. आरोपी ने तब वारदात को अंजाम नहीं दिया जब तक दुकान पर एक महिला ग्राहक सामान लेकर चली नहीं गई.
महाराष्ट्र के नासिक जिले में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग (Chain Snatching) का मामला सामने आया है. आरोपियों ने सुबह-सुबह दुकान में घुसकर महिला की चेन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत भाग गए. इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था. चेन स्नैचिंग का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
दरअसल, नाशिक के सातपुर स्थित जाधव संकुल इलाके में दुकान में महिला व्यवसायी से चेन लूट ली. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिला अपनी दुकान पर है और एक महिला ग्राहक उससे सामान खरीद रही है. उसी दौरान बाइक सवार स्नैचर पहुंच गए. दुकान के पास सिर्फ एक आरोपी पहुंचा, दूसरा बाइक पर ही खड़ा होकर इंतजार करने लगा.
चेन छीनने के मौके का किया इंतजार
आरोपी ने चेन छीनने का तब तक इंतजार किया जब तक दुकान से सामान खरीद रही महिला चली नहीं गई. वह तब तक उसके पीछे ही खड़ा रहा. फिर दुकान पर पहुंचकर आरोपी ने महिला व्यवसायी से कुछ सामान खरीदा. फिर उसने पैसे दिए, उसी दौरान पैसों के लेन देने में मौका देखकर महिला का गला दबा दिया और सोने की चेन छीनकर फरार हो गया.
महिला भी दुकान से निकल आई और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तब तक चला गया था. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.





