मोदी की नजर में छाए और जुबां पर आए विष्णु…

मोदी की नजर में छाए और जुबां पर आए विष्णु…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार में मध्यप्रदेश की धरा पर 19 अप्रैल 2024 को दमोह आए और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की संगठनात्मक क्षमता को सेल्यूट कर लौट गए। इसके साथ ही यह दिन विष्णु दत्त शर्मा के जीवन का ऐतिहासिक दिन बन गया। उनकी संगठनात्मक क्षमता और भाजपा के लिए दिन-रात समर्पित भाव से किए गए कठिन परिश्रम को मानो पूरा प्रतिफल मिल गया। मोदी के बारे में कहा जाता है कि उनका हर शब्द नपा तुला और दूरगामी संकेतों से भरा होता है। तथ्यों के साथ ही वह किसी निष्कर्ष पर पहुंचते हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अभी तक के सर्वाधिक 48.5 फीसदी मत हासिल कर इतिहास रचा था। भाजपा में हर लक्ष्य को हासिल करने के लिए कठोर परिश्रम करने वाले हजारों हाथ दिन-रात एक कर देते हैं। पर नेतृत्व और योजना के बिना कुछ भी संभव नहीं होता। और मोदी की नजरों को विष्णु दत्त शर्मा का यही कुशल नेतृत्व समा गया है। जिसकी उन्होंने जी भरकर और खुलकर तारीफ दमोह में कर ही दी। पहले यह जानते हैं कि मोदी ने क्या कहा? मोदी ने कहा कि खजुराहो लोकसभा से हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा जी को भारी  बहुमत से विजयी बनाना है। विष्णु दत्त शर्मा पतले दुबले दिखते हैं लेकिन इनके नेतृत्व में भाजपा ने मध्यप्रदेश में एक नया इतिहास रच दिया है। मोदी की जुबान पर नाम आ जाए, तो भाजपा नेता का मन गदगद हो जाता है। ऐसे में नया इतिहास रचने का श्रेय मिलना यानि सब कुछ पा लेने जैसा ही है। यानि मध्यप्रदेश भाजपा के लिए शुभंकर साबित हो चुके विष्णु दत्त शर्मा कुशल संगठक की बात को चरितार्थ करते हुए भाजपा के इतिहास में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज करा चुके हैं। और चार सौ पार की भाजपा में विष्णु दत्त शर्मा को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण ओहदा मिलने से कोई इंकार नहीं कर सकता।
विधानसभा चुनाव में जहां विष्णु दत्त शर्मा ने हर बूथ पर 51 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य रखा था। और लक्ष्य हासिल करने के लिए उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा कर इतिहास रच दिया था। और इसीलिए मध्यप्रदेश में भाजपा को अभी तक के सर्वाधिक 48.5 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। इसमें त्रिदेव सहित भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ और पन्ना तक की जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सांगठनिक क्षमता के साथ किया था। और अब लोकसभा चुनाव में भाजपा मोदी के मार्गदर्शन और वीडी शर्मा के नेतृत्व में इतिहास रचने की तैयारी में है। 19 अप्रैल 2024 को पन्ना के अमानगंज में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा रोड शो में शामिल हुए। रोड शो में विष्णुदत्त शर्मा का ग्रामीणों ने जोरादार स्वागत किया। तो वीड़ी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर नये 370 वोट बढ़ाने का संकल्प दिलाया। और फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के नारे से पन्ना गूंज गया। विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में भाजपा इस बार कांग्रेस नेताओं के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का रिकॉर्ड भी बना चुकी है।
6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर एक दिन में सवा लाख कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने का दावा भाजपा ने किया था। एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी ने जॉइनिंग का इतिहास रचने की बात न्यू ज्वाइनिंग कमेटी के मुखिया नरोत्तम मिश्रा ने कही थी। दावा किया था कि कांग्रेस समेत कई सामाजिक संगठनों के 1 लाख 26 हज़ार लोगों ने एक ही दिन में भाजपा की सदस्यता ली है। अगर तीन महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2,58,523 लोगों ने बीजेपी की सदस्यता ली है। इसमें 90 फीसदी से ज्यादा कांग्रेसी शामिल हैं। पीएम मोदी के व्यक्तित्व और काम से प्रभावित होकर लोग बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। तो अब भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस व अन्य दलों के नेताओं की संख्या चार लाख तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
खैर 19 अप्रैल का दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का था। और मोदी ने दिल खोलकर तारीफ की, तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को मानो मेहनत का पूरा फल उसी पल मिल गया। मोदी की नजरों में विष्णु दत्त शर्मा छा गए, तो पूरी दुनिया में छाने की उपलब्धी हासिल हो गई।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।