Weather Update: MP में भीषण गर्मी का कहर जारी, कई स्थानों पर चलेगी लू 

31

Weather Update: MP में भीषण गर्मी का कहर जारी, कई स्थानों पर चलेगी लू 

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट

मध्य प्रदेश अभी और तपेगा। पश्चिमी हवाओं पर दक्षिणी हवाओं का प्रभाव होने से प्रदेश के उत्तर और पूर्वी इलाकों में अधिकतम तापमान 44/45 चल रहा है। जबकि इंदौर, भोपाल में 42 डिग्री तापमान है जो आज भी बना रहेगा। पश्चिमी हवाओं का असर सुबह है जो बाद में गरम होकर बहती हैं। अगले 15 दिन मौसम खुला रहने की संभावना है, लेकिन दक्षिण से बादलों का आगमन प्रदेश के निचले हिस्से दक्षिण पश्चिम से दक्षिण पूर्व तक चलेगा, लेकिन अभी बारिश की संभावना नहीं है।

केरल, कर्नाटक में मानसून पूर्व की वर्षा हो रही है। दक्षिण महासागर के पश्चिमी हिस्सों में बादलों का जमाव है जिससे मालदीव में भारी बारिश है तो पूर्व में बंगाल की खाड़ी में अंडमान निकोबार में भी रुक रुक कर बारिश हो रही है।

उत्तर भारत में आज पश्चिमी बादलों का बहाव है जिससे कश्मीर और लद्दाख में बारिश बर्फबारी होगी। लेकिन पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में दिन का मौसम खुला रहने से गर्मी बढ़ेगी। दिल्ली में भी 42 डिग्री अधिकतम तापमान रहेगा।

भारत के पश्चिम में बादलों का रैला अफ्रीका से शुरू होकर इराक, ईरान के रास्ते पाकिस्तान से भारत की ओर अग्रसर है इससे अगले 24 घंटों में उत्तर पश्चिम राज्यों के मौसम में बदलाव होने के भी संकेत मिल रहे हैं।