
Wheat Procurement: MP में 100 लाख टन के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 41 लाख टन गेहूं की खरीदी हुई ,किसानों को ₹6,520 करोड़ का भुगतान
कैबिनेट को लेकर पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने दी कई जानकारी
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रालय भोपाल में कैबिनेट की बैठक संपन्न हुई। कैबिनेट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि मध्य प्रदेश में 100 लाख टन के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 41 लाख टन गेहूं की खरीदी हुई है। किसानों को ₹6,520 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।
काश्यप ने बताया कि कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, असम में लगातार तीसरी बार तथा पुडुचेरी में दूसरी बार सरकार बनने और केरलम में तीन सीटों पर मिली सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में गेहूं उपार्जन का कार्य तेजी से जारी है। निर्धारित 100 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है और किसानों को ₹6,520 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।
कुल 14.70 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनमें से 7.77 लाख किसानों से उपार्जन किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भेंट की गई “विक्रमादित्य वैदिक घड़ी” को प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थापित कराया है। इससे मालवा की इस ऐतिहासिक काल-गणना पद्धति की वैज्ञानिकता का व्यापक प्रचार होगा और अधिक से अधिक लोग इससे परिचित हो सकेंगे।
काश्यप ने बताया कि इंदौर में 9 से 13 जून 2026 तक ब्रिक्स देशों से संबंधित कृषि कार्यों पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इसमें ब्राजील, चीन, रूस, भारत, दक्षिण अफ्रीका सहित कुल 21 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।





