वूमेन T-20 वर्ल्ड कप 2026: MP की बेटी क्रांति गौड़ को टीम इंडिया में मौका, इंग्लैंड में 12 जून से टूर्नामेंट, पाकिस्तान से होगा पहला मुकाबला..

326

वूमेन T-20 वर्ल्ड कप 2026: MP की बेटी क्रांति गौड़ को टीम इंडिया में मौका, इंग्लैंड में 12 जून से टूर्नामेंट, पाकिस्तान से होगा पहला मुकाबला..

छतरपुर: महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार टूर्नामेंट इंग्लैंड में 12 जून से शुरू होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय टीम अपना पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। मध्य प्रदेश में छतरपुर की क्रांति गौड़ को भी इस टीम में जगह मिली है।

*अनुभव और युवा जोश का संतुलन, खिताब की प्रबल दावेदार भारत..*
चयनकर्ताओं ने इस बार टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण तैयार किया है। स्क्वाड में शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, रेणुका ठाकुर, राधा यादव सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। भारतीय टीम इस बार खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
अब तक खेले गए 9 टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने 6 बार खिताब जीता है। वहीं 2024 में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई थी, ऐसे में इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन कर ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी।

*छतरपुर की क्रांति गौड़ को मौका, बुंदेलखंड में जश्न जैसा माहौल..*
मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की बेटी क्रांति गौड़ को वनडे के बाद अब टी-20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह मिली है। उनके चयन की खबर मिलते ही पूरे बुंदेलखंड और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।
क्रांति गौड़ की इस उपलब्धि ने न केवल छतरपुर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। अब सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं, और उम्मीद की जा रही है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार खेल दिखाकर भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी।