![IMG-20240529-WA0113](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2024/05/IMG-20240529-WA0113.jpg)
Chhindwara Massacre : हत्यारे को रोका नहीं जाता तो पागलपन में वह कई और को मार डालता!
Chindwara : जिले के आदिवासी अंचल महुलझिर थाना क्षेत्र के बोदलकछार में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात लगभग ढाई बजे नृशंस हत्याकांड हुआ। परिवार के ही एक युवक ने अपनी पत्नी और मां सहित 8 लोगों की हत्या कर दी और खुद भी फांसी पर लटक गया। जबलपुर आईजी, छिंदवाड़ा डीआईजी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार महुलझीर थाना क्षेत्र के बोधलकछार में दरमियानी रात लगभग 2:30 बजे एक 26 साल के दिनेश उर्फ भेरू सरयाम जो कि मकान के अंदर कमरे में सोया था, उसने कुल्हाड़ी से पहले पत्नी की हत्या की। फिर बाहर सो रही 55 वर्षीय मां, 16 वर्षीय बहन, 35 वर्षीय बड़े भाई, 30 वर्षीय भाभी, और दो भतीजियों जिनकी उम्र 4 साल और डेढ़ साल बताई जा रही है और एक 5 वर्षीय भतीजे की हत्या कर दी।
एसपी ने घटना के बारे में बताया
एसपी मनीष खत्री ने दी घटना के बारे में बताया कि हत्याओं के बाद वह बड़े पिता के घर भी हमला करने पहुंचा था। जहां उसने एक 10 साल के लड़के पर हमला किया। लेकिन, बच्चा वहां से भाग निकला। तभी शौच के लिए गई बच्चे की दादी ने देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव वाले जमा हुए तो आरोपी वहां से भाग निकला। जिस बच्चे पर हमला किया उसे भी गंभीर चोट आई है। बच्चे को छिंदवाड़ा रेफर किया गया है।
आरोपी जंगल में फांसी पर लटका मिला
पुलिस ने जब आरोपी की तलाश की, तो दिनेश गांव के करीब ही एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया है। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही महुलझित थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई।
इस हत्याकांड में पुलिस ने सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। इस कारण उसने इस तरीके की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में आरोपी सहित कुल 9 लोगों की मौत हुई।
8 दिन पहले ही हुई शादी
दिनेश उर्फ भेरू सरयाम का विवाह महज 8 दिन पहले 21 मई को ही हुआ था। उसके बाद सभी रिश्तेदार चले गए। विवाह हाल ही में होने के कारण आरोपी और उसकी पत्नी मकान में अंदर सो रहे थे। लेकिन, अचानक आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका होशंगाबाद में इलाज भी चल चुका है।