
अहमदाबाद से दिल्ली जा रहे विमान में बम की सूचना, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अहमदाबाद से दिल्ली जा रहे एक विमान में बम होने की सूचना के चलते पायलट ने एटीसी से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी. विमान अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रहा था. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. फिलहाल बम स्क्वॉड की टीम पूरे विमान और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच कर रही हैं. साथ ही यात्रियों की स्कैनिंग भी की जा रही है.
दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस की विमान संख्या 6e 2111 जो की अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान भरा था, तभी विमान में टॉयलेट के अंदर नैपकिन पर बम लिखा पाया गया. उसके बाद क्रू मेंबरों ने इसकी सूचना विमान के पायलट को दी. विमान के पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए अनुमति मांगी. एटीसी ने सुरक्षा अधिकारियों को अलर्ट भेजते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दी. एयरपोर्ट पर पहले से ही अलर्ट जारी कर दिया गया था, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियां, फायर और बम डिस्पोजल की टीम मौके पर पहुंच गई थी.
विमान जैसे ही लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा, बम डिस्पोजल की टीम ने यात्रियों को स्कैनिंग करते हुए बाहर निकाला. उसके बाद सभी यात्रियों का सामान बाहर निकल गया, जिसकी जांच बम डिस्पोजल टीम कर रही है. कई घंटे जांच पड़ताल ते बाद भी अभी तक विमान के अंदर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन विमान की पूरी तरह जांच पड़ताल हो जाने के बाद ही सुरक्षा कर्मी इसे उड़ान के लिए अनुमति देंगे.डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट पर एक विमान में बम होने की सूचना मिलने पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी. विमान के प्रोटोकॉल के अनुसार उसकी जांच पड़ताल कराई जा रही है. मौके पर बम डिस्पोजल की टीम व अन्य सुरक्षा की टीम जांच पड़ताल कर रही है. प्रोटोकॉल पूरा होने के बाद विमान को उड़ाने की परमिशन मिलेगी.





