
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कल विधानसभा का विशेष सत्र; कल सुबह 9 बजे होगी भाजपा-कांग्रेस विधायक दल की बैठक
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सोमवार को विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
सत्र के शुरू होने से दो घंटे पहले सुबह 9 बजे भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दल अपने-अपने विधायक दल की बैठकें करेंगे, जिनमें सदन की रणनीति तय की जाएगी। भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री निवास पर होगी, जहां सत्तापक्ष अपनी भूमिका और जवाबी रणनीति को अंतिम रूप देगा। वहीं कांग्रेस विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर आयोजित होगी, जिसमें सरकार को घेरने की तैयारी की जाएगी।
कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह महिला आरक्षण को लेकर सरकार को आक्रामक तरीके से घेरने की रणनीति बनाएगी। पार्टी का आरोप है कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को संशोधन के नाम पर लंबित रखा जा रहा है, जिसे लेकर सदन में जोरदार मुद्दा उठाया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि विधानसभा का यह विशेष सत्र महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर केंद्रित है, लेकिन भाजपा सरकार संविधान के खिलाफ कदम उठाकर महिला आरक्षण को टालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सदन में मजबूती से विरोध दर्ज कराएगी। यदि भाजपा सरकार मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू करने का निर्णय लेती है, तो कांग्रेस उसका समर्थन करने के लिए तैयार है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं का इस्तेमाल केवल सत्ता हासिल करने के साधन के रूप में किया जा रहा है।




