चरैवेति से राज्यसभा तक चरैवेति रजनीश अग्रवाल

48

चरैवेति से राज्यसभा तक चरैवेति रजनीश अग्रवाल

भोपाल: भाजपा ने प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को उच्च सदन में भेजने का फैसला लेकर एक बार फिर यह संदेश दिया कि काम करते रहो पार्टी आगे बढ़ाने का काम करेगी। रजनीश अग्रवाल वैसे तो 14 साल की उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड गए थे। इसके बाद वे आगे बढ़ते हुए भाजपा की पत्रिका चरैवेति के सह संपादक हुए। इधर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ पंजाब से आते हैं और अगले साल पंजाब में विधानसभा के चुनाव है, उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजकर पार्टी पंजाब में भी संदेश दे रही है। ये दोनों उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

रजनीश अग्रवाल सागर जिले के मंडीबामोरा के रहने वाले हैं। वे 1988 में संघ से जुड़े, इसे बाद वे 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न दायित्व निभाते रहे। इसी दौरान उन्होंने पत्रकारिता में स्रातकोत्तर की डिग्री ली। 2005 में वे भाजपा की पत्रिका चरैवेति के सह संपादक बने।यह जिम्मेदारी उन्होंने 2009 तक उठाई। 2006 से 2007 तक वे भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य रहे। 2011 में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बने, 2013 में वे भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए। इसके बाद 2014 में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बने।
वीडी शर्मा के साथ किया लंबे वक्त तक काम

वर्ष 2021 में उन्हें प्रदेश भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपनी टीम में लिया। उन्हें प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें प्रदेश बूथ प्रबंधन प्रभारी बनाया गया। जिसमें उन्होंने जबरदस्त मेहनत की और प्रदेश में बूथ प्रबंधन का परिणाम 2023 के चुनाव में दिखाई दिया। अपने काम के चलते वे न सिर्फ वीडी शर्मा बल्कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी पसंद के नेताओं में शुमार हैं।

ना दिल्ली गया ना राज्यसभा में जाने की इच्छा व्यक्त की
इधर रजनीश अग्रवाल ने कहा कि राज्यसभा में जाने के लिए उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया। वे दिल्ली भी नहीं गए और ना ही किसी नेता से इस संबंध में उन्होंने अपनी इच्छा किसी नेता से व्यक्त की। उन्हें अचानक फोन पर जानकारी मिली कि उन्हें राज्यसभा में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी ने जब जो जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा से उन्होंने निभाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए ही देश के बाकी दलों से अलग है क्योंकि यह कार्यकर्ताओं का भी ध्यान रखती है।