
मोदी के देश में 12 साल और मध्यप्रदेश में मोहन के ढाई साल…
कौशल किशोर चतुर्वेदी
इन दिनों पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारह साल के कार्यकाल और लगातार सर्वाधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बनाने का शोर पूरे देश में है। भाजपा उल्लास मना रही है। जन-जन को बताया जा रहा है कि मोदी के बारह साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के हैं। मोदी के इन 12 साल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के ढाई साल भी शामिल हैं। 13 दिसम्बर 2023 को मध्यप्रदेश के 19 वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल के ढाई वर्ष भी 13 जून 2026 को पूरे हुए हैं। और कहा जाए तो अब मध्य प्रदेश सरकार मोहन के साथ कदम ताल कर रही है।
राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मोदी के 12 साल की उपलब्धियों को सुनकर भाजपा के पितृ पुरुष ठाकरे भी प्रसन्न हो रहे होंगे। मोदी के चलते ही भाजपा ने देश के 22 राज्यों में सरकार बनाने में सफलता पाई है। पश्चिम बंगाल में भी पहली बार भाजपा ने अपनी सरकार बना ली है। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का लगातार सर्वाधिक समय तक प्रधानमन्त्री रहने का रिकॉर्ड मोदी ने तोड़ दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ विकास व वैश्विक प्रतिष्ठा के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2014 से पहले आतंकवादी घटनाओं और सीमा पार से आने वाली चुनौतियों पर देश की प्रतिक्रिया सीमित दिखाई देती थी, लेकिन आज भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करता। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी आतंकवाद के विरुद्ध की गई निर्णायक कार्रवाइयों ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि नया भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्र के सम्मान की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है। यह बदलते भारत की शक्ति, संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। भारत आज आधारभूत संरचना, तकनीकी नवाचार, डिजिटल सेवाओं, औद्योगिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है और विश्व के महत्वपूर्ण निर्णयों में उसकी भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल ने देश को नई दिशा प्रदान की है। आज भारत का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सहभागी बन रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभा रहा है। कांग्रेस शासनकाल में देश राजनीतिक अस्थिरता, निर्णयहीनता व भ्रष्ट्राचार से जूझ रहा था। विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक अभियान है। हम सभी का दायित्व है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
शायद मध्यप्रदेश के विकास में मध्यप्रदेश वासियों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ढाई साल में ऐसे कई निर्णय किए हैं। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने साल 2026 को ‘कृषि कल्याण वर्ष’ घोषित कर किसानों के लिए खजाना खोल दिया है। गेहूं खरीदी का लक्ष्य 100 लाख मीट्रिक टन करने से लेकर भूमि अधिग्रहण पर 4 गुना मुआवजे जैसे ऐतिहासिक फैसलों से राज्य की कृषि वृद्धि दर 16% तक पहुंच गई। अन्नदाता के साथ-साथ गरीब, युवा और नारी की भी सुध ली जा रही है। मुख्यमंत्री का ढ़ाई साल का लेखा जोखा भी उनके, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लकीर पर चलने का प्रमाण है। जैसा मोदी के 12 साल का उल्लास है, वैसा ही मोहन यादव मध्यप्रदेश में विरासत के साथ विकास का उल्लास की तस्वीर बना रहे हैं… जिसमें विकास, विश्वास और जनकल्याण सब शामिल
हैं।
लेखक के बारे में –
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।





