
छतरपुर में अवैध हथियारों का नेटवर्क बेनकाब: 4 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टा समेत 74 कारतूस के साथ 11 लाख की XUV कार भी जब्त
हथियारों की खरीद-बिक्री की पूरी कड़ी उजागर..
छतरपुर: कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने क्रेता और विक्रेता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो लोडेड मैगजीन, एक देशी कट्टा, 74 जिंदा कारतूस, लाइसेंस तथा एक एक्सयूवी कार जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को नौगांव रोड स्थित एक टायर एजेंसी के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने वहां खड़ी एक एक्सयूवी कार की तलाशी ली, जिसमें बैठे दो युवकों के पास से अवैध पिस्टल और दो मैगजीन में लोड 9 कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में खुली हथियार सप्लाई की पूरी चेन..
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरेंद्र प्रताप सिंह परमार निवासी पन्ना और प्रिंस परमार निवासी अमानगंज, पन्ना के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने हथियार विक्रेता के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने बमीठा निवासी विकास सिंह उर्फ खुन्नू को गिरफ्तार किया।
विकास सिंह ने अवैध पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बेचने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा और 15 कारतूस भी बरामद किए गए। आगे पूछताछ में कारतूस सप्लायर के रूप में राजनगर निवासी निजामुद्दीन उर्फ गुड्डे खान का नाम सामने आया।
लाइसेंस के साथ बेच रहा था कारतूस..
पुलिस ने निजामुद्दीन को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 नग 315 बोर के कारतूस और संबंधित लाइसेंस बरामद किया। जांच में सामने आया कि वह अवैध रूप से कारतूस की बिक्री कर रहा था।
तीन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड..
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों से जुड़े 6 मामले दर्ज हैं। निजामुद्दीन पर जुआ और मारपीट के 2 प्रकरण दर्ज हैं, जबकि हरेंद्र सिंह मारपीट और अवैध वसूली के एक मामले में पहले से आरोपी रह चुका है।
आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज..
चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इनकी रही प्रमुख भूमिका..
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक कुलदीप सिंह जादौन, वीरेंद्र रैकवार सहित कोतवाली पुलिस के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





