WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

ACB Trap: तहसीलदार का रीडर ₹10000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया 

ACB Trap: तहसीलदार का रीडर ₹10000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया 

कोंडागांव। फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज (जोड़ने) करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। शिकायत मिलने पर ACB ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई।बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

ACB ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर रिश्वत की राशि जब्त की गई और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर मामले का सत्यापन किया गया, जिसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी ध्रुव ने यह भी बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है।