Congress: 3 बड़े पदों पर हुए बदलाव के बाद अब MP में प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह को हटाए जाने की अटकलें तेज

 भंवर जितेंद्र सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस को समय नहीं दे रहे,इसके चलते कांग्रेस में संगठन को लेकर कई निर्णय अधूरे!

538

Congress: 3 बड़े पदों पर हुए बदलाव के बाद अब MP में प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह को हटाए जाने की अटकलें तेज

भोपाल:दिल्ली विधानसभा चुनाव से फुर्सत होते ही कांग्रेस ने राज्यों में बदलाव शुरू कर दिए हैं। महाराष्ट्र और ओडिसा के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए गए हैं। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी बदल दिया गया है। संगठन में इन तीन बड़े पदों पर हुए बदलाव के बीच अब मध्य प्रदेश में प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह को हटाए जाने की अटकलें तेज हो गई है। दरअसल वे मध्य प्रदेश कांग्रेस को समय नहीं दे रहे हैं। इसके चलते कांग्रेस में संगठन को लेकर कई निर्णय अधूरे हैं।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में मिली जबरदस्त हार के बाद भी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के बीच सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। इसके चलते ही प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह यहां पर काम नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने इस संबंध में करीब पांच महीने पहले ही संगठन को लिख कर दे दिया है कि वे मध्य प्रदेश के प्रभारी नहीं रहना चाहते। हालांकि इसमें उन्होंने कारण बताया था कि वे असम के प्रभारी हैं और वहां पर वे फोकस करना चाहते हैं।

इधर कांग्रेस ने महाराष्ट्र और ओडिसा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्षों को बदलने के साथ ही आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदल दिया है। कांग्रेस में चल रहे बदलाव के इस दौर में अब यह अटकलें तेज हो गई है कि भंवर जितेंद्र सिंह को भी मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभार से हटाया जा सकता है। हालांकि जितेंद्र सिंह ने अपने करीबी एवं रिश्तेदार को संगठन में महत्वपूर्ण पद दिलवाने में सफलता पाई है। वे अपने रिश्तेदार को कार्यकारी अध्यक्ष बनवाना चाहते थे, लेकिन दिल्ली से इस पद को लेकर मना कर दिया गया, इसके बाद उन्हें संगठन में पीसीसी चीफ के बाद सबसे अहम पद पर की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।