WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

सायबर जालसाजों ने पाक सरगना के इशारे पर भोपाल में खुलवाए 100 बैंक खाते

जरूरतमंद लोगों को जॉब व लोन का देते थे झांसा

936

सायबर जालसाजों ने पाक सरगना के इशारे पर भोपाल में खुलवाए 100 बैंक खाते

भोपाल। राजधानी की क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े सायबर जालसाजों का पाकिस्तान कनेक्शन मिल गया है। आरोपियों ने पाकिस्तान में बैठे अपने सरगना के इशारे पर भोपाल में लगभग सौ बैंक खाते खुलवाए और किराए पर लिए। आरोपी इन खातों में आने वाली ठगी की रकम को अपने मोबाइल में डाउनलोड बायनेंस से पाकिस्तानी सरगना को क्रिप्टो करंसी भेज रहे थे। अब पुलिस आरोपियों के ई-मेल और व्हाट्सएप चैट की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के मुताबिक सायबर क्राइम ने आरोपी आलोक कुमार, शिवम राजपूत और भोपाल के भगवान सिंह ठाकुर, अमोल गोडगे, अभिषेक परिहार और अंकित सिंह राजपूत को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। इनमें से आरोपी आलोक और शिवम बिहार के रहने वाले हैं। इस गिरोह का सरगना आलोक कुमार है। वह अपने फैसलाबाद पाकिस्तान में बैठे सरगना के इशारे पर बैंक खाते खुलवाकर अथवा किराए पर देकर सायबर जालसाजों की मदद कर रहा था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था।

दो माह में सौ खाते किराए पर लिए-
सायबर क्राइम पुलिस को आरोपी आलोक व शिवम ने पूछताछ में बताया कि वह अशोका गार्डन स्थित सिग्मा होटल में ठहरे थे। उन्होंने भोपाल के अपने साथियों की मदद से करीब दो माह में अलग-अलग बैंकों में लोगों के सौ खाते खुलवाए अथवा किराए पर लिए। वह जरूरतमंद लोगों को जॉब दिलाने व लोन दिलाने का झांसा देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 80 बैंक एटीएम बरामद किए हैं। दोनों आरोपी आज तक पुलिस रिमांड पर हैं।

रूपए को क्रिप्टो करंसी में बदल कर पाक भेजते थे आरेपी-
पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी आलोक कुमार भोपाल समेत देशभर में सायबर ठगी से मिली रकम को क्रिप्टो करंसी के माध्यम से पाकिस्तान ट्रांसफर की जाती है। अब पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश में है कि क्या पूरी रकम केवल पाकिस्तान ही जाती है या उसे आगे भी कहीं ट्रांसफर किया जाता है। आरोपी आलोक कुमार के नाम से खुले बैंक खाते के लिए इस्तेमाल हुआ ई-मेल आईडी उसके फोन के अलावा पाकिस्तान के फैसलाबाद में भी लॉगइन हो रहा है। इसके अलावा क्रिप्टो करंसी की एप्लीकेशन भी उसके फोन के साथ-साथ फैसलाबाद में लॉगइन हो रही है। वह जिन वॉट्सएप नंबर्स पर बात कर रहा है, वो भी पाकिस्तान के ही हैं और उसके फोन में मिले वॉयस नोट में पाकिस्तानी टोन भी सुनाई दे रही है।