Shekhawat’s Displeasure : सिंधिया और समर्थकों के भाजपा में आने से BJP की जमीन खोखली हुई!   

सिंधिया समर्थक मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप बहुत ज्यादा 

1437

Due to Shekhawat’s Displeasure : सिंधिया और समर्थकों के भाजपा में आने से BJP की जमीन खोखली हुई!
  

Indore : भाजपा से नाराज और पार्टी की रीति-नीति पर हमला करने वाले पूर्व विधायक और सहकारिता नेता भंवरसिंह शेखावत आज फिर पार्टी के खिलाफ जमकर बोले। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्रियों पर हमला बोला। उनके निशाने पर बदनावर के विधायक और उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव थे।

मीडिया के साथ बातचीत में भंवरसिंह शेखावत ने कहा कि सिंधिया समर्थक जब पार्टी में आए तो लोगों ने उनका स्वागत किया। इतना ही नहीं कि सिर्फ स्वागत ही किया, उनको पार्टी में लाकर चुनाव भी जिताया। लेकिन, उसके बाद जो स्थितियां बनी बनी, वह पार्टी को हिला देने वाली है। वही पीड़ा और दुःख तो हमें हैं। किसी के पार्टी में आने पार्टी मजबूत होती है, तो ठीक है। लेकिन, उनके आने के बाद हमारी पार्टी की जमीन खोखली हो गई। हमारे सिद्धांत ख़त्म हो गए। हमने जिन सिद्धांतों को लेकर पार्टी का निर्माण किया था, वह सब खोखले हो गए। हमने आज तक भारतीय जनता पार्टी के मंत्रियों पर इतने भ्रष्टाचार के आरोप नहीं सुने, जितने सिंधिया समर्थक मंत्रियों पर आज सुनाई दे रहे हैं। इन लोगों ने खुलेआम लूट मचा रखी है।

बदनावर के विधायक और मंत्री राजवर्धन सिंह के बारे में बोलते हुए भंवरसिंह शेखावत ने कहा कि उन्होंने बदनावर में पूरी जमीनों पर कब्जा करना शुरू कर दिया, सारी खदानों पर कब्ज़ा कर लिया, अवैध रूप से खनन करना शुरू कर दिया। वो आदमी खुलेआम जुआ और सट्टा चला रहा है। उनके पार्टी में आने के बाद पार्टी की बदनामी हो रही है। पार्टी की मूल अवधारणा के साथ जो लोग जुड़े थे उन्हें पीड़ा है। हम संगठन से यही बात तो कहना चाह रहे हैं, पर कोई सुन ही नहीं रहा। हमारा कहना है कि आप सुनिए!

अगर समय रहते नहीं सुना गया तो ठीक नहीं है, हम नहीं जीतेंगे। 2018 में शिवराज जी की सरकार चली गई थी। जिसने पार्टी के खिलाफ काम किया पार्टी को कमजोर किया उसे पुरस्कृत किया जा रहा है। जिसने पार्टी के लिए अपना जीवन अपना पूरा जीवन खपा दिया उसे अपमानित करके कोने में बैठा दिया गया। यह कोई टिकट की लड़ाई नहीं है। यह लड़ाई है पार्टी को जिंदा जिंदा रखने की! जो लोग पार्टी के खिलाफ हैं उनको समाप्त करने की लड़ाई है।