
Badwani News: पिता का हत्यारा आम आदमी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ चुका, 5 दिन से फरार
बड़वानी:जिले के पिछोड़ी गांव में पिता की हत्या करने वाला आरोपी चंदन बडोले राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहा है और वर्ष 2018 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर बड़वानी विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। हालांकि, उसे उस चुनाव में करीब एक हजार वोट ही मिले थे। वारदात के 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बड़वानी जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर पिछोड़ी गांव में 32 वर्षीय चंदन बडोले ने सोमवार को अपने 58 वर्षीय पिता जगन बडोले की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, जो घटना के दिन हिंसक रूप ले बैठा।
घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिससे पूरे गांव में भय का वातावरण है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में लोग घरों के बाहर सोने से भी डर रहे हैं। मृतक की पत्नी गौरी बाई ने बताया कि आरोपी पहले भी पैसों की मांग को लेकर मारपीट कर चुका था और जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी परिवार के अन्य सदस्यों को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
छोटे भाई कुंदन ने भी डर व्यक्त करते हुए कहा कि चंदन कभी भी घर आकर हमला कर सकता है। फिलहाल पुलिस बल घर के बाहर तैनात है।
चंदन बडोले ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव पिछोड़ी से प्राप्त की और बड़वानी पीजी कॉलेज से बीए किया था। वह दो बार मध्य प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल पद के लिए चयनित हुआ, लेकिन दोनों बार शारीरिक परीक्षा में असफल रहा। इसके बाद वह अवैध रेत खनन और परिवहन के कार्य में लिप्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जंगलों में छिपा हुआ है और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर धमकियां दे रहा है। घटना से तीन दिन पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर अपने पिता से संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग का जिक्र किया था। वीडियो में उसने बड़े व्यापार और राजनीति में आगे बढ़ने की महत्वाकांक्षा भी जताई थी।
कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी की लोकेशन बावनगजा के जंगलों में मिली थी, जहां पाटी, सिलावद और बड़वानी थानों की संयुक्त टीमों द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। आरोपी के खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। फिलहाल गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।





