तीन करोड़ 62 लाख रुपए लागत से बनी जल जीवन मिशन की टंकी गिरी, 7 घायल, 2 इंजीनियर बर्खास्त

345

तीन करोड़ 62 लाख रुपए लागत से बनी जल जीवन मिशन की टंकी गिरी, 7 घायल, 2 इंजीनियर बर्खास्त

यूपी में बरेली के सरदारनगर में एक साल पहले बनी पानी की टंकी ढह गई जिसमें 7 मजदूर दब गए। मजदूर टंकी के नीचे बैठकर ताश खेल रहे थे। सातों मजदूर घायल हो गए। टंकी के बनने में तीन करोड़ 62 लाख रुपए लागत आई थी।

उत्तर प्रदेश के बरेली में जल जीवन मिशन योजना में भ्रष्टाचार की भेंट हाल ही में निर्मित पानी की टंकी चढ़ गयी है. यहां  ग्राम पंचायत सरदार नगर में अचानक पानी की ऊंची टंकी गिरने से अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया.

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है, और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. आंवला सांसद नीरज मौर्य ने इस मामले को दिशा बैठक में उठाने की बात कही. उनके मुताबिक योजना में भ्रष्टाचार के कारण ही ये घटना हुई.

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ग्रामीण रोज की तरह टंकी के पास बैठे हुए थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ पूरी संरचना धराशायी हो गई. मलबे में दबकर कई लोग घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और चिकित्सा सुविधा के लिए भेजा. घायलों में डबरू माली, डोरीलाल गुप्ता, लखपत अंसारी, ठाकुरदास मौर्य, गुड्डू चौहान, वीरपाल सिंह और नन्नू सिंह शामिल हैं. सभी का इलाज जारी है.

हर घर जल योजना के तहत बनी थी टंकी

बताया जा रहा है कि यह टंकी ‘हर घर जल’ योजना के तहत बनाई गई थी, जिससे करीब 6850 लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था. इसका निर्माण 21 दिसंबर 2022 को NCC Limited ने शुरू किया था, जबकि परियोजना की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश जल निगम के पास थी. निर्माण लागत लगभग 3.62 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप


ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ. उनका कहना है कि पिछले एक साल से टंकी से पानी की आपूर्ति हो रही थी, लेकिन अचानक इस तरह गिरना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है.